दिनदहाड़े गल्ला व्यवसायी से हुए लूट में दो गिरफ्तार, दो फरार

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव में दिनदहाड़े एक गल्ला व्यवसायी से हुए लूट की घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि दो अपराधी फरार होने में सफल हो गए। पुलिस ने लूटे गए रुपए के साथ अन्य समान भी बरामद किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार नंदन गांव निवासी स्वर्गीय द्वारिका गोंड के पुत्र मनु कुमार अनाज व्यवसाय से जुड़े हैं। बुधवार को वे राजगढ़ परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से एक लाख रुपये निकालकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शहर के व्यस्त छठिया पोखरा मोहल्ले के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने मनु कुमार के हाथ से रुपयों से भरा झोला छीन लिया और भागने लगे। झोले में एक लाख रुपये नकद के अलावा छह लाख रुपये के दो भरे हुए चेक और अन्य जरूरी कागजात भी थे।


व्यवसायी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों की घेराबंदी कर दी। इस दौरान दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि एक बदमाश झोला लेकर फरार हो गया। चौथा साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, जो अपने साथी के साथ मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान पुराना भोजपुर फ्लाईओवर के पास से लूटे गए रुपए में से लगभग 95 हजार रुपए बरामद किया गया। पकड़े गए दो आरोपियों की पहचान छपरा जिले के रसुलपुर थाना क्षेत्र के रसुलपुर चट्टी के प्रमोद तिवारी के पुत्र सागर तिवारी और कोपा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी वासुदेव मिश्रा के पुत्र सागर मिश्रा के रूप में हुई। गिरफ्तारी टीम में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के साथ डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, मतेन्द्र कुमार, गौतम कुमार, अर्चना कुमारी के साथ पुलिस बल के जवान थे।





