एक ही रात में रिटायर्ड दरोगा और पूर्व सैनिक के घर चोरी, लाखों के जेवरात ले उड़े चोर

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मल्लहचकिया गांव के समीप हवाई अड्डा के पास एक ही रात में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने लाखों के जेवरात ले उड़े। चोरों ने एक रिटायर्ड दरोगा और एक पूर्व सैनिक के घर में चोरी कर नकदी एवं लाखों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक डुमरांव थाना से वर्ष 2022 में सेवानिवृत्त हुए सहायक अवर निरीक्षक राधेश्याम प्रसाद के घर में चोर पीछे की लोहे की खिड़की उखाड़कर दाखिल हुए। चोरों ने ड्रेसिंग टेबल के दराज में रखे 15 हजार रुपये नकद तथा लगभग 35 हजार रुपये मूल्य की एक जोड़ी पायल चोरी कर ली।

राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सदस्य मुख्य गेट बंद कर छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए। उन्होंने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे जब वह नीचे आए तो आहट पाकर चोर भाग निकले। उनका कहना है कि यदि वह समय पर नहीं जागते तो चोर घर का और अधिक सामान ले जा सकते थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में भी उनके घर में चोरी हो चुकी है। हाल ही में बेटी की शादी होने के कारण अधिकांश कीमती जेवरात उसे उपहार में दे दिए गए थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

दूसरी घटना इसी मोहल्ले में पूर्व सैनिक रमैया चौधरी के घर हुई। उनके पुत्र जितेंद्र चौधरी ने बताया कि उनके पिता का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और पिछले तीन दिनों से वह आईसीयू में भर्ती हैं। परिवार के सभी सदस्य पटना में थे और घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी लोहे की अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों की कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

घर का ताला और दरवाजा टूटा देखकर पड़ोसियों ने इसकी सूचना दी। इसके बाद जितेंद्र चौधरी पटना से बक्सर पहुंचे और मुफस्सिल थाना को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है।




