ग्रामीणों ने शराब बिक्री का किया विरोध, आरोपितों ने किया फायरिंग

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज छावनी के समीप शराब बिक्री का विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट करते हुए दहशत फैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग की गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक लालगंज छावनी के रहने वाले मुन्ना सिंह के पुत्र मनोहर सिंह व अन्य लोगों पर शराब बिक्री करने का आरोप है। शराब बिक्री को लेकर गांव के कुछ लोग मना कर रहे थे। जिसको लेकर मनोहर सिंह व अन्य द्वारा विरोध कर रहे लोगों के साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान दहशत फ़ैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग भी की गई। फायरिंग की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस पहुंची व मनोहर सिंह व मंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अन्य दो लोग मौके का फायदा उठा भाग निकले। खड़े हुए। मौके से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मारपीट की व हवाई फायरिंग की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। दो युवकों को गिरफ़्तार कर लिया गया। फरार युवकों के गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।