बेटी की शादी तय करने जा रहे पिता की सड़क दुघर्टना में मौत, बाबा जख्मी

बीआर दर्शन। बक्सर
बेटी की शादी तय करने जा रहे पिता की मौत गुरुवार की शाम सड़क दुघर्टना में हो गई। वहीं बाईक पर बैठे मृतक के चाचा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी को रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक सिमरी थाना क्षेत्र के बड़का सिंहनपुरा गांव के शशिकांत दूबे उर्फ पप्पू दूबे अपनी बेटी की शादी तय करने के लिए अपने चाचा के साथ बाइक से जा रहे थे। नया भोजपुर महाराज कोठी के समीप सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई। बाइक चला रहे पप्पू दूबे की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं उनके चाचा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जख्मी को इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से जख्मी चाचा को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन दिन पूर्व आए थे गांव:
बताया जा रहा है कि मृतक शशिकांत दुबे ऊर्फ पपू के दो पुत्र मनीष एवं मनोज दुबे है। वही एक बेटी भी है। सभी के साथ कोलकाता स्थित कुंतिघाट में रहते थे। इनके पुत्रो में सबसे बड़ी बेटी है। उसके बाद मनोज जो इंडियन नेवी में कार्यरत है। जबकि छोटा बेटा मनीष पढ़ाई कर रहा है। मृतक तीन दिन पूर्व ही बेटी की शादी के लिए गांव आए थे। घटना के बाद गांव एवं परिवार में कोहराम मच गया है।