बीज निगम के नाम पर विभाग और किसानों का करोड़ों रुपए डकारने वाला क्लर्क गिरफ्तार
बीआर दर्शन। बक्सर
बीज निगम और किसानों का करोड़ों रुपए डकारने वाला क्लर्क अजीत कुमार को डुमरांव पुलिस ने मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी जिला के टॉप 20 अपराधियों की सूची में शामिल था । डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने कहा कि आरोपी द्वारा बिहार बीज निगम का बक्सर डिपो प्रभारी बताकर बक्सर और डुमरांव अनुमंडल में किसानों से धान खरीदने के नाम पर करोड़ों रुपए गबन कर लिया था। विभाग के द्वारा भी टाउन थाना में करीब 72 लाख रुपए गबन करने का मामला दर्ज कराया गया है। वहीं राजपुर के कई किसानों से करीब दो करोड़ रुपए का गबन करने समेत चार मामले दर्ज हैं। वहीं डुमरांव अनुमंडल के मुरार थाना में उसके खिलाफ कुल तीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अजित कुमार के ऊपर दर्जनों किसानों ने जनवरी महीने में ही गंभीर आरोप लगाया था।
किसानों ने अपने धान, बीज निगम के अधिकारी अजीत कुमार को बेचा था। आरोपी ने किसानों को बताया था कि कुछ दिनों में धान की राशि किसानों को उपलब्ध करा दी जाएगी, लेकिन राशि नहीं मिली। किसानों का अधिकारी से संपर्क भी नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद किसानों ने खुद को ठगा हुआ महसूस कर अजीत को खोजबीन करते मुजफ्फरपुर पहुंचे। वहां उसकी पत्नी और ससुर ने धमकी देकर भगा दिया था।
किसानों ने डुमरांव और नगर थाना में आरोपी अजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। गिरफ्तार अजीत की पत्नी कामिनी देवी के खिलाफ भी टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। डीएसपी ने बताया कि अजीत बिहार बीज निगम में क्लर्क के पद पर थे। अनियमितता के कारण निष्कासित कर दिया गया था। बीज के लिए धान खरीदने के नाम किसानों के साथ वित्तीय अनियमितता की गई थी।वित्तीय अनियमितता में यह बड़े अपराधी है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पहले भी टीम भेजी गई थी जिसमे सफलता नहीं मिली। दुसरी बार में पकड़े गए है।