तेज रफ्तार पिकअप ने वृद्ध को मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच-120 पर बासुदेवा थाना क्षेत्र के मुकुंदडेरा गांव के समीप पिकअप की टक्कर से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। बुधवार को सड़क पार करने के दौरान वृद्ध को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान मुकुंदडेरा गांव निवासी सुभाष राय के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि सुभाष राय घर के पास ही सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।





