ससुराल में फंदे से लटका मिला कपड़ा व्यवसायी का शव, मौत पर सवाल

बीआर दर्शन | बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट गांव में ससुराल आए 38 वर्षीय कपड़ा कारोबारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शनिवार को उसका शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दल्लुपुर गांव निवासी सुरेंद्र लाल के पुत्र मोहनलाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है। जगदीशपुर में कपड़े की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।



मिली जानकारी के अनुसार, मोहनलाल आठ अक्टूबर को बाइक से अपने ससुराल कांट गांव आए थे। इसके दो दिन बाद उनकी मौत की खबर मिली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहनलाल की शादी करीब नौ वर्ष पहले रिया कुमारी से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। दोनों की उम्र करीब सात और पांच वर्ष बताई जा रही है। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस मामले में मृतक के भाई ने पुलिस को आवेदन देकर घटना की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





