CRIME

बेखौफ अपराधियों ने डुमरांव में दिनदहाड़े बाइक सवार युवक को मारी गोली, मौत

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

बेखौफ अपराधियों ने डुमरांव में शनिवार की सुबह दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने युवक की कनपटी में सटाकर गोली मारी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना सम्हार-महरौरा पथ पर सरकारी बोरिंग के पास सुबह करीब 10 बजे हुई। मृतक युवक सम्हार गांव निवासी उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव का पुत्र मुलायम सिंह यादव (30) है।

परिजनों के अनुसार, मुलायम करीब 9:30 बजे घर से डुमरांव जाने के लिए निकला था। वह अपने बहनोई रौशन यादव की बाइक लेकर जा रहा था। गांव से बाहर निकलकर जैसे ही सरकारी बोरिंग के पास महरौरा मार्ग पर पहुंचा, किसी ने उसकी कनपटी में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क किनारे गिर पड़ा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके कान और गर्दन से खून निकल रहा था।

दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर फैलते ही सम्हार सहित आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मुलायम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। अपराधियों के दुस्साहस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button