डुमरांव में मोबाइल टॉवर समेत जनरेटर चुरा ले गए चोर, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव थाना क्षेत्र में चोरों ने हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम देते हुए एक मोबाइल टॉवर को ही गायब कर दिया। चोरों ने 15 केवीए का जनरेटर समेत अन्य समान भी ले उड़े। मामला उस समय सामने आया जब बंद पड़े टॉवर को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया के तहत कंपनी की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची। जांच में पाया गया कि टॉवर, जनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण चोरी हो चुके हैं। घटना को लेकर जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के अधिकारी ने डुमरांव थाने में एफआईआर दर्ज कराने को लेकर आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में भूमि एवं संचालन पदाधिकारी के रूप में कार्यरत बैद्यनाथ ओझा ने थाने में दिए आवेदन में बताया है कि कंपनी का एक मोबाइल टॉवर डुमरांव थाना क्षेत्र के स्थानीय नगर के वार्ड 18 स्थित हरेनाथ यादव के जमीन में स्थित था।

यह टॉवर तकनीकी कारणों से कुछ वर्षों से बंद पड़ा था और इसे पुनः चालू करने की प्रक्रिया चल रही थी। कंपनी के अनुसार 2 जून को जब स्थल का निरीक्षण किया गया तो वहां से करीब 40 मीटर ऊंचा मोबाइल टॉवर, 15 केवीए क्षमता का डीजल जनरेटर तथा अन्य सहायक उपकरण गायब मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देने के लिए चोरों को कई घंटे नहीं बल्कि संभवतः दो दिनों तक लगातार काम करना पड़ा होगा, फिर भी किसी को इसकी भनक नहीं लगी।

कंपनी अधिकारियों ने अपने स्तर से जांच-पड़ताल की, जिसमें चोरी की घटना की पुष्टि हुई। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजों और विभागीय स्वीकृति के साथ डुमरांव थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

इस अनोखी चोरी ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है तथा चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




