रेलवे क्रॉसिंग दिवस पर चलाया गया जागरूकता अभियान

बीआर दर्शन | बक्सर
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रेम रंजन के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय रेलवे क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर पाण्डेयपट्टी रेलवे गुमटी गेट नंबर 72 पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जागरूकता अभियान का नेतृत्व रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने किया।

अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे कर्मियों ने वाहन चालकों, बाइक सवारों तथा आम नागरिकों को रेलवे फाटकों पर सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर लोगों के बीच पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए गए तथा रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।

रेल अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के आगमन पर फाटक बंद होने की स्थिति में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए तथा ट्रेन गुजरने और फाटक खुलने के बाद ही क्रॉसिंग पार करनी चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन, ईयरफोन अथवा तेज संगीत का प्रयोग न करने की भी सलाह दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि जिन स्थानों पर गेटमैन तैनात नहीं हैं, वहां दोनों दिशाओं में ट्रेन की स्थिति देखकर ही सावधानीपूर्वक रेलवे क्रॉसिंग पार करनी चाहिए। उन्होंने अवैध रेलवे क्रॉसिंग अथवा अनधिकृत रास्तों का उपयोग न करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करना दंडनीय अपराध है और इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी कई बार बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन जाती है। इसलिए सभी नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा रेलवे के सुरक्षा अभियान में सहयोगी बनने की अपील की गई।

अभियान में रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा राहगीरों को सुरक्षित रेल यात्रा एवं सुरक्षित क्रॉसिंग के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना, संटिंग मास्टर एम एन ओझा, गेटमैन विजय शंकर पाठक, पोर्टर बीरबल राय सहित आर पी एफ के अधिकारी और सुरक्षा बल उपस्थित रहे।




