24 घंटे बाद मिला गंगा में डूबे इंजीनियरिंग के छात्र का शव, पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
मुंडन संस्कार में शामिल होने अपने ननिहाल आए एक होनहार युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। नैनीजोर थाना क्षेत्र के बेयासी पुल स्थित गंगा घाट पर सोमवार को हुआ। घटना के करीब 24 घंटे बाद मंगलवार की दोपहर युवक का शव बरामद किया गया। मृतक युवक भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहा पंचायत के मैनपुरी गांव निवासी वैभव कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह हरिद्वार में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। युवक मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल ब्रह्मपुर आया हुआ था।



मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह वैभव अपने मामा के घर गायघाट से बेयासी पुल स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह लहरों में ओझल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव और ननिहाल दोनों घर में मातम पसर गया।




