कूलर में छिपा कर लाई जा रही 30 लाख की शराब जब्त, दो गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार में लाई जा रही शराब की खेप को पकड़ लिया। इस दौरान ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालकों से पूछताछ के बाद उत्पाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि पंजाब से बिहार के लिए भारी मात्रा में शराब लाई जा रही है। सूचना के बाद जांच के दौरान रात करीब 10:30 बजे वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर संदिग्ध ट्रक बिहार की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में ट्रक को रोककर जांच की गई। पहले स्कैनर से ट्रक की जांच की गई, लेकिन उसमें शराब होने की पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि, गुप्त सूचना के आधार पर टीम को शक बना रहा, जिसके बाद ट्रक की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने ट्रक के भीतर से 449 पेटी बीयर और शराब बरामद की। जांच में सामने आया कि ट्रक में 55 छोटे-बड़े कुलर लोड थे, जिन्हें चारों ओर इस तरह रखा गया था कि बीच में छुपाई गई शराब की पेटियां स्कैनर की पकड़ में न आ सकें।


उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब में 300 पेटी बीयर 3600 लीटर और 149 पेटी विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की 1341 लीटर शामिल हैं। कुल मिलाकर 4941 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार दोनों की पहचान जमुई जिले के मिर्चा निवासी स्व. भैरव यादव के पुत्र मुकेश कुमार और सिकन्दरा क्षेत्र निवासी सुधीर ठाकुर के पुत्र सुबोध कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ से जमुई ले जाई जा रही थी। उत्पाद विभाग ने शराब, ट्रक और 55 कुलरों को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





