रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का समान चुरा भाग रहे चार उचक्के गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों के सामान चोरी कर भाग रहे चार उचक्कों को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि बक्सर स्टेशन के पूर्वी यार्ड से यात्री का सामान चोरी कर भाग रहे दो अपराधियों को संयुक्त टीम ने धर दबोचा। इस कार्रवाई में जीआरपी प्रभारी विकास कुमार सहित आरपीएफ और जीआरपी के जवान शामिल रहे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल (28 वर्ष), पिता श्याम लाल, निवासी कुरपिया, थाना खिचहा, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) तथा राम चंद्र माली (30 वर्ष), पिता राजेंद्र माली, निवासी बाबुरबानी, थाना कोईलवर, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। इनके पास से एक महिला का पर्स, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा दो ब्लेड बरामद किए गए।

मंगलवार को कंट्रोल दानापुर से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 01144 में बक्सर और बक्सर-आरा के बीच चोरी की घटना हुई है। अपराधियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन से कूदकर फरार होने की कोशिश की थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कुमार (21 वर्ष), पिता अनिल कुमार, निवासी पटना साहिब, थाना मालसलामी, जिला पटना तथा फिरदौस आलम (40 वर्ष), पिता नियाज आलम, निवासी शास्त्री पार्क, सीलमपुर (दिल्ली), वर्तमान दिलदारनगर के रूप में हुई है। उनके पास से एक मोबाइल फोन, 6,490 रुपये नकद तथा एक ब्लेड बरामद किया गया। रेलवे पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।




