CRIME

टॉयलेट क्लीनर के कार्टून में छुपा कर लाई जा रही 108 पेटी विदेशी शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर

उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 108 पेटी विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्पाद पुलिस गिरफ्तार शराब तस्करों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह शहर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर तैनात इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में कंटेनर के अंदर टॉयलेट क्लीनर के कार्टन में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त कंटेनर से कुल 98 पेटी विदेशी व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 852.560 लीटर है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के करौदी कला गांव निवासी सद्दाम हुसैन 33 वर्ष के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

वहीं दूसरी सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा चेक पोस्ट पर की गई। उत्पाद एएसआई सृष्टि कुमारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 09 पेटी विदेशी शराब और एक पेटी बीयर बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 89.760 लीटर बताई गई है।

इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान वैशाली जिले के अलीपुर गांव निवासी रामाशंकर राम 44 वर्ष और फुलवरिया गांव निवासी जितेंद्र कुमार 39 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जब्त कंटेनर हरियाणा से पटना के दनियावा ले जाया जा रहा था। विभाग द्वारा आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button