CRIME

ट्रेन के इंजन में शराब के साथ छुपे तीन तस्करों के साथ एक अन्य गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। 22 फरवरी की देर रात आरपीएफ बक्सर की टीम ने ट्रेन बनारस–आरा पैसेंजर के बीच वाले इंजन की जांच कर भारी मात्रा में शराब के साथ तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ ने सभी को कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त ट्रेन के इंजन में शराब की खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर रात लगभग 23:35 बजे से 00:30 बजे तक बक्सर और टुड़ीगज स्टेशन के बीच सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान इंजन में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई तथा मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान विभिन्न ब्रांड के करीब 216 बोतल यानी 107.850 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 78,190 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों युवक पटना जिला के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं जिसमे गुनगुन कुमार (20 वर्ष), पिता स्व. रामबाबू राय, नया टोला देदौर, वार्ड नंबर 11, श्रवण कुमार (19 वर्ष), पिता रामदेव राय, संजय कुमार (19 वर्ष), पिता स्व. लालबाबू राय शामिल है।

इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में बक्सर स्टेशन से 8 लीटर शराब के साथ एक और तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मार्शल पुजारी (25 वर्ष), पिता डबलू पुजारी, निवासी सोहनीपट्टी (गौरी शंकर मंदिर के पास), वर्तमान पता वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना नगर, जिला बक्सर के रूप में हुई है। आरपीएफ ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सुपुर्द कर दिया है।

इस विशेष अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर कुंदन कुमार (आरपीएफ बक्सर) ने किया। टीम में एसआई विजेंद्र मुआल, एएसआई उमेश राय, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी करण सिंह, आरक्षी डी.के. सिंह, आरक्षी बी.के. गौड़ सहित जीआरपी बक्सर की टीम भी शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button