CRIME

बक्सर पुलिस को मिली दोहरी सफलता, वर्षों से फरार हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

बक्सर पुलिस को शुक्रवार को दोहरी सफलता हाथ लगी है। पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना मोस्ट वांटेड अपराधी राजा दुबे उर्फ रावण आखिरकार एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। राजधानी पटना के सगुना मोड़ इलाके से एसटीएफ ने उसे शुक्रवार की शाम गिरफ्तार किया, जिसके बाद बक्सर पुलिस ने आरोपी को अपने कस्टडी में ले लिया है। वहीं हरेंद्र यादव हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास वर्मा को भी पुलिस ने वीर कुंवर सिंह कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि राजा दुबे पर बक्सर जिले में हुई दो हत्याओं में संलिप्तता का आरोप है। इसके साथ ही एक उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज हैं। चौसा में राजद नेता अर्जुन यादव की हत्या और बक्सर में प्रॉपर्टी डीलर हृदया यादव हत्याकांड में राजा दुबे मुख्य आरोपी था। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सिकटौना गांव निवासी राजा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बक्सर पुलिस और एसटीएफ की टीमें लंबे समय से सक्रिय थीं। सटीक इनपुट मिलने के बाद एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए उसे पटना से दबोच लिया।

वहीं 23 अगस्त 2016 को नया बस स्टैंड के समीप पेट्रोल पंप कर्मी हरेंद्र सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के देवकुली निवासी विकास वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चार अन्य अभियुक्तों को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुना चुकी है। एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में स्पीडी ट्रायल चला कर सजा दिलाने का कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button