गंगा स्नान करने यात्रियों से ट्रेन में चाकू के बल पर लूट, एक जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
मौनी अमावस्या के पर गंगा स्नान के लिए बक्सर आ रहे श्रद्धालुओं के साथ फतुआ–बक्सर पैसेंजर ट्रेन में चाकू के बल पर लूट की घटना सामने आई है। घटना में एक यात्री घायल हो गया, जबकि महिला यात्रियों समेत अन्य श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। यह वारदात दानापुर–बक्सर रेलखंड पर बरुना रेलवे स्टेशन और बक्सर स्टेशन के बीच बीती रात हुई।


मिली जानकारी के मुताबिक बरुना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 53261 में अपराधी सवार हुए। चलती ट्रेन में उन्होंने चाकू दिखाकर यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। लूटपाट का विरोध करने पर गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनोद मटियानी गांव निवासी सूरज ठाकुर उर्फ मंगरु ठाकुर, पिता लक्ष्मण ठाकुर, पर हमला कर दिया गया, जिससे वह जख्मी हो गए। पीड़ित यात्रियों ने बताया कि अपराधियों ने चाकू का भय दिखाकर खासकर महिला यात्रियों के साथ लूटपाट की और ट्रेन के डिब्बे में अफरा-तफरी मचा दी। अचानक हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में भय का माहौल बन गया। बक्सर स्टेशन पहुंचने के बाद पीड़ितों की शिकायत पर जीआरपी थाने में लूट का मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल डीएसपी कंचन राज और दानापुर जीआरपी सर्किल इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि यह चाकू के बल पर की गई लूट की घटना है और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है। छापेमारी दल में आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार और उनकी टीम भी शामिल है।

जीआरपी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और लगातार छापेमारी की जा रही है।



