श्राद्ध कर्म से लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, वृद्ध की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के जलहरा कौवा – खोंच नहर पथ पर अहियापुर गांव के समीप तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। बोलेरो के धक्के से बाइक सवार 65 वर्षीय महेंद्र सिंह की मौत हो गई और बाइक चालक विकास यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार रसेन पंचायत के श्यामपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह एवं रोहतास जिला के भगतगंज गांव निवासी विकास यादव अपने रिश्तेदार के यहां रविवार को अहियापुर गांव गए थे। रविवार की शाम श्राद्ध कर्म से यह दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर जलहरा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही गांव से बाहर निकले तभी जलहरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो ने इनमें जोरदार टक्कर मार दिया। दोनों बेसुध होकर वहीं गिर पड़े।


घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर अहियापुर निवासी कई लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। गाड़ी चालक अपनी बोलेरो छोड़ वहां से भाग निकला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। दोनों को राजपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने श्यामपुर निवासी महेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गंभीर रूप से जख्मी विकास यादव को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है। अपर थानाध्यक्ष शिवकुमार मंडल ने बताया कि बोलेरो एवं बाइक को कागजी कार्रवाई के बाद थाने लाया गया हैं। जब्त बोलेरो के आधार पर चालक एवं गाड़ी की पहचान की जा रही है।



