OTHERS

वरीय अधिवक्ता ‘झब्बु बाबू’ का निधन, सोमवार को रहेगा नो- वर्क 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

जिले के वरीय अधिवक्ता विजय कुमार वर्मा उर्फ ‘झब्बु बाबू’ का शनिवार की रात लगभग आठ बजे नोएडा में निधन हो गया। उनके निधन से जिले के न्यायिक एवं अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। विजय कुमार वर्मा पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। वह नोएडा में रहकर दिल्ली के चिकित्सकों की देखरेख में उपचार करा रहे थे। उपचार के दौरान बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। विधि क्षेत्र में उनके योगदान और गहन ज्ञान के कारण उन्हें जिले के सबसे प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में गिना जाता था। लोग उन्हें स्नेहपूर्वक ‘झब्बु बाबू’ के नाम से जानते थे और वे अपने वास्तविक नाम से अधिक इसी नाम से प्रसिद्ध थे।

उनके निधन को जिला अधिवक्ता संघ ने अपूर्णीय क्षति बताया है। संघ के महासचिव विंदेश्वरी प्रसाद पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरीय अधिवक्ता विजय कुमार वर्मा के निधन से अधिवक्ता समाज ने एक विद्वान, कुशल और सम्मानित विधिवेत्ता को खो दिया है।

शोक के प्रतीक स्वरूप जिला अधिवक्ता संघ ने सोमवार को न्यायालय में ‘नो वर्क’ रखने का निर्णय लिया है। संघ ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। दिवंगत अधिवक्ता के दो बेटे और एक बेटी है। अधिवक्ता 1963 से वकालत शुरू कर जिले में अपनी एक अलग पहचान बनाए थे।

शोक व्यक्त करने वालों में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा, वरिष्ठ अधिवक्ता नंद गोपाल वर्मा, रामेश्वर प्रसाद वर्मा, सुबेदार पांडेय, श्यामा श्री चन्द्र, रविन्द्र कुमार सिन्हा, जितेन्द्र चौबे, राघव पांडेय, राहुल आनंद, मनीष पाठक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपनी शोक प्रकट की हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button