महिला जेल में आयोजित हुआ बंदी दरबार, डीएम ने सुनी समस्या

बीआर दर्शन | बक्सर
महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएँ, बिहार, पटना के निर्देश पर महिला जेल में बंदी दरबार का आयोजन किया गया। दरबार में डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी शिकायत शुभम आर्य ने बंदियों की समस्या को सुना।
इस दौरान महिला मंडल कारा बक्सर के कुछ बंदियों के द्वारा अपने एवं अपने बच्चों के ईलाज के लिए कारा में आयोजित चिकित्सा शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सक, दंत चिकित्सक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की उपस्थिति हेतु जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया। जिसके बाद डीएम ने तत्काल सिविल सर्जन को महिला मंडल कारा बक्सर में विशेष कैम्प लगवाकर बंदियों का स्वास्थ्य जांच करने का निर्देश दिया।
बंदी दरबार के दौरान कई सजावार महिला बंदियों के द्वारा अपने जिला जेल में स्थानान्तरित करने के लिए डीएम से अनुरोध किया। डीएम के द्वारा कारा अधीक्षक को बिहार कारा हस्तक नियमावली 2012 के अनुसार कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया।एक दिव्यांग सजावार महिला बंदी उम्र (लगभग 90 वर्ष से अधिक) के द्वारा अपने गृह जिला रोहतास (सासाराम) में स्थानान्तरण करने हेतु अनुरोध किया गया। दरबार के आयोजन से महिला जेल के बंदियों ने डीएम का आभार जताया।