हरियाणा से भागलपुर ले जाई जा रही 20 लाख की शराब बरामद, दो गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार की सुबह बक्सर स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु ऊपरी पुल पर उत्पाद विभाग की चेक पोस्ट टीम ने वाहन जांच अभियान के दौरान जूट की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि वीर कुंवर सिंह सेतु पर चेक पोस्ट के प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा से भागलपुर जा रहे एक डीसीएम ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया। प्रारंभिक जांच में ट्रक जूट की बोरियों से भरा हुआ दिखाई दिया, लेकिन अधिकारियों को कुछ संदिग्ध गतिविधि महसूस हुई। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जूट की बोरियों के बीच बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।

203 पेटी शराब बरामद, बाजार मूल्य 20.50 लाख रुपये :
उत्पाद विभाग द्वारा ट्रक से कुल 203 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 1772 लीटर बताई गई है। उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख 50 हजार रुपये है। बरामदगी के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह, पिता राजकुमार सिंह, निवासी गिलैह गांव, थाना सादपुर, जिला अलवर (राजस्थान) एवं सचिन यादव, पिता कृष्णा यादव, निवासी बड़ौदा कला गांव, थाना बिलासपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुयी है दोनों से पूछताछ की जा रही है।

भागलपुर में होनी थी शराब की सप्लाई :
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त डीसीएम ट्रक हरियाणा से शराब लेकर बिहार के भागलपुर जिले में सप्लाई देने जा रहा था। तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की निगाहों से बचने के लिए शराब को जूट की बोरियों के बीच छिपा रखा था।





