संपत्ति विवाद में पुत्र ने कुदाल के बेट से पीट कर दी पिता की हत्या, मां भी ज़ख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में संपति विवाद में पुत्र ने कुदाल के बेट से मार अपने पिता की हत्या कर दी है, जबकि बीच बचाव करने आई मां को भी चोटे आई है। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सुरौंधा निवासी 74 वर्षीय शिवशंकर तिवारी उर्फ पहलवान तिवारी पिता स्व. कपिलदेव तिवारी के रूप में हुई है। वहीं, बीच बचाव के दौरान उसकी पत्नी प्रेमा देवी घायल हुई है। जबकि आरोपित पुत्र की पहचान शेषनाथ तिवारी उर्फ बब्लू के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक के दोनों पुत्र शेषनाथ तिवारी उर्फ बब्लू तथा छोटा पुत्र संदीप दोनों दिल्ली के बुद्धा कॉलोनी फेस-टू में रह प्राइवेट नौकरी करते है। इसके पूर्व मृतक भी लंबे समय तक दिल्ली में रहा है तथा अपनी कमाई से बुद्धा कॉलोनी के अलावे नरेला सहित चार जगहों पर फ्लैट खरीदा था। फिलहाल दोनों पुत्रों का परिवार बुद्धा कॉलोनी वाले फ्लैट में ही रहता था।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह नरेला वाले फ्लैट जो कि मां प्रेमा देवी के नाम पर था उसे अपने नाम रजिस्ट्री करने की जिद कर रहा था, जिसे माता-पिता अनसुना कर रहे थे। इसी बात से नाराज हो बब्लू ने इस घटना को अंजाम दिया है।

ग्रामीण सूत्रों की मानें तो शेषनाथ गुरूवार को दिन में करीब 11 बजे गांव में आया था तथा वह हाथ में कुदाल का एक बेट लिए थे। वह अपने पड़ोसी ददन तिवारी के छत के सहारे अपने घर में प्रवेश किया तथ पिता पर कुदाल के बेट से हमला कर दिया। चोट उनके सर पर लगी। वही, बीच बचाव करने आई मां को भी उसने नहीं छोड़ा। घटना को अंजाम दे भाग निकला।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 की टीम को दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम उसे लेकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, चौकीदार की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक की पत्नी ने अपने छोटे पुत्र के आने के बाद एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। शुक्रवार को छोटा पुत्र दिल्ली से आया, इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा।

पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए जिस कुदाल के बेट से शिवशंकर तिवारी की हत्या की गई है, उसे बरामद कर लिया है। बताया जाता है कि वह गांव के उत्तरी छोर पर स्थित नदी में उसे फेंका था, जिसे थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।



