व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, उगते सूर्य को अर्घ्य के होगा समापन

बीआर दर्शन | बक्सर
सूर्य उपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ जिलेभर में धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व पर रविवार को छठ व्रतियों ने विभिन्न गंगा घाटों, नहरों और शहर के स्थायी एवं अस्थायी घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरे जिले में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और चारों तरफ छठी मइया के जयकारे गूंजते रहे। सोमवार की सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा।

छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही घरों में विशेष तैयारियां चलती रहीं। व्रती महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा की सामग्रियों को सूप और दउरा में सजाकर घाटों की ओर रवाना हुईं। सिर पर पूजा सामग्री से भरे दउरा और हाथों में सूप लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें छठ की आस्था और परंपरा की जीवंत तस्वीर पेश कर रही थीं। व्रती महिलाओं के साथ परिवार के सदस्य भी पूरे उत्साह के साथ घाटों तक पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों ‘मारबउ रे सुगवा धनुष से…’ और ‘कांचही बांस के बहंगिया…’ की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

सूर्यास्त का समय नजदीक आते ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने लगी। व्रती महिलाएं पवित्र जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना में लीन हो गईं। निर्धारित समय पर डूबते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना की गई। अर्घ्य के दौरान घाटों पर जय छठी मइया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए घर से दंडवत करते हुए घाटों तक पहुंचे। यह दृश्य लोगों की अटूट आस्था और छठी मइया के प्रति गहरी श्रद्धा को प्रदर्शित कर रहा था।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट :
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। केंद्रीय कारा से लेकर अहिरौली गंगा घाट तक विभिन्न घाटों पर गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमें लगातार गश्त करती रहीं। रामरेखा घाट पर एनडीआरएफ का मुख्य कैंप स्थापित किया गया था, जहां से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही थी। वहीं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प यू का शिविर भी सक्रिय रहा।

जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसडीओ अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और रेडक्रॉस सचिव श्रवण तिवारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाटों पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन :
चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इसके लिए व्रती महिलाएं अहले सुबह से ही घाटों पर पहुंचेंगी और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना करेंगी। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा और चार दिवसीय महापर्व विधिवत संपन्न हो जाएगा।



