रेस्टोरेंट पर खड़ी दो स्कार्पियो से 7 लाख की शराब बरामद, एक गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 पर बड़का ढकाईच के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट परिसर में संदिग्ध अवस्था में खड़ी दो स्कॉर्पियो से उत्पाद विभाग ने करीब 7 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब जब्त की है। उत्पाद विभाग की डुमरांव थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों वाहनों की जांच की। इस दौरान एक स्कॉर्पियो के चालक उमाकांत पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरी गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया। दोनों वाहनों से करीब 7 लाख रुपए की शराब बरामद की गई।शराब की खेप बयासी गांव से आरा के वामपाली ले जाई जा रही थी।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम का गठन कर बड़का ढकाईच रेस्टोरेंट परिसर में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान दोनों स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली। कार्रवाई के बाद जिस स्थान पर दोनों वाहन खड़े थे, उसे सील कर दिया गया है। मामले में मद्यनिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।


बरामद स्कॉर्पियो में उसके लगे नंबर प्लेट के अलावा दो अन्य नंबर प्लेट भी मिले हैं। इस तरह एक ही वाहन से कुल तीन अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुए। गिरफ्तार चालक उमाकांत पासवान नैनीजोर थाना क्षेत्र के बड़की नैनीजोर निवासी अजीत पासवान का पुत्र है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बयासी गांव से शराब लेकर आरा के वामपाली पहुंचाने जा रहा था। उसके साथ एक दूसरी स्कॉर्पियो भी थी। उमाकांत के अनुसार हाईवे पर ही दूसरी गाड़ी को उसके चालक के हवाले किया जाना था। उमाकांत ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की खेप पहुंचाने के एवज में उसे 10 हजार रुपए मिलने थे। उसका काम शराब लदी स्कॉर्पियो को बताए गए स्थान तक पहुंचाना था। इसके बाद गाड़ी को दूसरे चालक के हवाले किया जाना था। विभाग उसके बयान के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है।





