देसी कट्टे के साथ धराया हिस्ट्रीशीटर, वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी

बीआर दर्शन | बक्सर
औद्योगिक थाना पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर करिया सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ है। गिरफ्तार युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में लंबे समय से फरार चल रहे औद्योगिक थाना क्षेत्र के दहिवर गांव निवासी मनीष कुमार उर्फ करिया सिंह की गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी। उसके खिलाफ औद्योगिक थाना में दर्जन भर से अधिक मामले दर्ज हैं।


सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दहिवर स्थित शिव मंदिर के पास जाल बिछाया। इसी दौरान लाल रंग की हंटर बाइक से दलसागर की ओर तेजी से जा रहे करिया सिंह को घेर लिया गया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से लोडेड देसी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस का मानना है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।


गिरफ्तारी टीम में औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, दारोगा मनीष कुमार शर्मा, दारोगा सन्तोष दास समेत अन्य पुलिसकर्मियों थे।



