खेत की रखवाली कर रहे किसान की गला रेत हुई हत्या, गांव में मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पंचायत के भटवलिया गांव में गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे खेत की रखवाली कर रहे किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान जीउत सिंह कुशवाहा के पुत्र हरिभजन सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक हरिभजन सिंह गांव के बधार में तालाब के समीप रहकर अपने मवेशियों और धान की फसल की रखवाली करते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान घात लगाए किसी ने उन पर हमला कर धारदार हथियार से गला रेत दिया।जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल-112 और फोरेंसिक जांच टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर वहां से संभावित साक्ष्य एकत्र किया।

बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर कई जगह चोट और धारदार हथियार के निशान दिखाई दे रहे हैं। हथेली और जांघ पर भी कट के निशान बताए जा रहे हैं, जबकि गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर हत्या की गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है।





