पैक्स अध्यक्ष के भाई की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव में दलान में सो रहे एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक पैक्स अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह के चचेरे भाई हैं। वारदात बीती रात की है, जब वह घर के बाहर मवेशी खटाल के पास झोपड़ी में सो रहे थे। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक लक्ष्मण सिंह के पुत्र ओम प्रकाश सिंह उम्र 50 वर्ष दलान में सो रहे थे। सुबह में मृत पाए गए। गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक खेती करते थे। पुलिस के मुताबिक, हत्या सिर में नजदीक से गोली मारकर की गई। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ धीरज कुमार, स्थानीय पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा हत्या के पीछे रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।
मामले में सदर एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि फिलहाल हत्या की वजह की जानकारी नहीं मिल रही है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।