CRIME

परदेश से कमा कर लौट रहे युवक को नशा खिलाकर लूटा, लूटेरों ने ही परिजनों को दी जानकारी 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

परदेश से कमा कर घर लौट रहे युवक को नशाखुरानी गिरोह के सदस्यों ने लूट लिया। युवक के पास से नगदी समेत मोबाइल लूटने के उसे राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली नहर के किनारे फेंक कर भाग गए। लूटेरों ने युवक के मोबाइल से ही उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना राजपुर पुलिस को दी। राजपुर पुलिस ने युवक को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया।

मिली जानकारी के मुताबिक रोहतास जिला के कोचस थाना क्षेत्र के कपसिया गांव निवासी 25 वर्षीय धनजी गुप्ता बेंगलुरु में नौकरी करता है। वह गुरुवार की शाम बेंगलुरु से ट्रेन पकड़कर अपने घर रोहतास के लिए रवाना हुआ था। शनिवार सुबह जब वह बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचा, तो वहां उसकी मुलाकात कुछ अज्ञात युवकों से हुई। धनजी को विश्वास में लेते हुए गिरोह के सदस्यों ने कहा कि वे भी कोचस की ओर ही जा रहे हैं। इसी भरोसे में आकर धनजी उनके साथ बैठ गया। रास्ते में बदमाशों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिला दिया। जिससे वह कुछ ही देर में अचेत हो गया।

गिरोह के सदस्यों ने उसे जमौली पुल के पास बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर धनजी को पता चला कि उसका एंड्रॉइड मोबाइल फोन और पास में रखी नगदी गायब है। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने धनजी के ही मोबाइल फोन से उसके परिजनों को कॉल किया और उन्होंने सूचना दी कि धनजी जमौली पुल के पास बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत राजपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया गया। जहां से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे घर भेज दिया गया है। परिजनों के तरफ से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं है। आवेदन मिलने पर घटना की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button