Accident

चलती बाइक से गिरकर पूर्व मुखिया की मौत, साड़ी बना काल

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

बक्सर -सिकरौल नहर मार्ग पर कोरान सराय थाना क्षेत्र के चुआड़ गांव निवासी और कनझरुआं पंचायत की पूर्व मुखिया आरती देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पति के साथ बाइक से घर लौटने के दौरान बगही गांव के समीप उनकी साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पहिए में फंस गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही चुआड़ गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के मुताबिक कंझरुआ पंचायत की पूर्व मुखिया आरती देवी अपने पति एवं पूर्व जिला पार्षद धनबिहारी पासवान के साथ जिला मुख्यालय से बाइक पर सवार होकर नहर मार्ग के रास्ते गांव लौट रही थीं। बगही गांव के समीप अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पहिए में फंस गया। पल्लू खिंचने से वह बाइक से असंतुलित होकर बीच सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पूर्व मुखिया की असमय मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उनके घर पहुंचने लगे। आरती देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति धनबिहारी पासवान समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button