Accident

आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत, दो की हालत गंभीर 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

राजपुर शनिवार की शाम आई बारिश अपने साथ एक परिवार के लिए ऐसा दुख लेकर आई, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। जमौली गांव के बधार में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 13 वर्षीय किशोर आशीष कुमार की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत के जमौली गांव निवासी आशीष कुमार खेत के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पास के एक पेड़ के नीचे पहुंच गया। वहीं भैंस चरा रहे योगेश कुमार और शैल कुंवर भी उसी पेड़ के नीचे आकर खड़े हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी। इसकी चपेट में आने से तीनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं योगेश कुमार और शैल कुंवर का इलाज जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी तथा प्रशासन से आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। किशोर की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों के बीच भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरा दुख है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button