POLITICS

भाजपा नेत्री पर अभद्र टिप्पणी पर भिड़े भाजपाई, जमकर हुआ हंगामा 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

शहर के नगर भवन में आयोजित बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव कार्यक्रम समापन के दौरान भाजपा की महिला नेत्री पर पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह द्वारा अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद जमकर हंगामा हुआ। यह मामला कार्यक्रम स्थल पर चर्चा का विषय बन गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी समेत आधा दर्जन पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और बक्सर जिला भाजपा के नेता शामिल हुए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद मंच से नीचे उतरने के दौरान महिला नेत्री पर की गई टिप्पणी महिला नेत्री ओम ज्योति भगत के पति राजीव भगत को नागवार गुज़री। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह को इस तरह की टिप्पणी न करने की सलाह दी, जिस पर पूर्व जिलाध्यक्ष ने उनके प्रति भी अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई।

घटना के बाद बक्सर जिला भाजपा कमेटी की जिला उपाध्यक्ष इन्दू देवी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि यदि कोई महिला कार्यकर्ता अपने पति के साथ कार्यक्रम में आती है, तो इस प्रकार की टिप्पणी उचित नहीं है।

कांग्रेस नेता पंकज उपाध्याय ने कहा कि भाजपा का चाल- चरित्र चेहरा सामने आ गया। भाजपा के बड़े नेता का जो चरित्र है वहीं कार्यकर्ता अपनाएंगे।

कार्यक्रम के बाद बक्सर नगर भवन में हुई इस घटना को लेकर अब पूरे बक्सर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button