होली के रंग में रंगे जिलेवासी, अबीर-गुलाल लगा मिटे गिले-शिकवे

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले भर में शनिवार को हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया गया। सुबह सुबह में एक दूसरे को रंग में सराबोर कर दिया। दोपहर बाद नहा-धोकर नये कपड़े पहन अबीर – गुलाल से होली खेली गई।
शहर से लेकर गांव तक हर ओर रंगों की बौछार देखने को मिली। नगर में युवाओं की टोली डीजे की धुन पर झूमती नजर आई, जबकि अंबेडकर चौक के समीप स्थानीय लोगों ने जुलूस निकालकर पारंपरिक तरीके से होली खेली। सोशल मीडिया पर भी होली की धूम रही। लोगों ने सोशल मीडिया के सहारे अपनों को होली की शुभकामनाएं दी।
नगर के प्रमुख चौकों और गलियों में होली खेलने का उत्साह चरम पर था।युवा कुर्ता फाड़ होली खेलते नजर आए। अंबेडकर चौक के समीप मोहल्लेवासियों ने डीजे के साथ नाचते-गाते हुए जुलूस निकाला, जो विभिन्न गलियों से होते हुए वापस अंबेडकर चौक पर जाकर संपन्न हुआ। मुनीम चौक के पास कुर्ता फाड़ होली खेली गई, जहां लोगों ने परंपरा अनुसार अपने कुर्ते हवा में उछालकर जश्न मनाया। अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय जाने वाले मार्ग पर कुछ लोगों ने होली के रंग में बिजली के तारों पर कपड़े टांग दिए, जिससे रास्ते का दृश्य और भी रंगीन हो गया।
बच्चों में भी होली को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में रंग-बिरंगी पिचकारियां लिए बच्चे सड़कों पर निकलने वाले लोगों पर रंगों की बौछार करते रहे। पूरे नगर की सड़कों पर अबीर-गुलाल की परत जमी रही, जबकि दुकानों में रामराज मिट्टी की बिक्री भी खूब हुई। गांवों में भी जमकर होली मनाई गई। ग्रामीण शिवालयों पर पहुंच सामुहिक रूप में पारंपरिक होली गीत पर झूमे।