Accident

बाइकों की आमने- सामने की टक्कर में एक युवक की मौत, दुसरा जख्मी 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

बक्सर – इटाढ़ी मार्ग पर रविवार की दोपहर दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मियों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया वहीं दूसरे युवक को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक धनसोई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव के महादेव कुशवाहा का पुत्र रवि कुशवाहा बाइक से जिला मुख्यालय आ रहा था। वहीं इटाढ़ी थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव का विकास कुमार गांव के तरफ जा रहा था। जज छावनी के समीप दोनों युवकों की बाइक में टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। स्थानीय लोगों के मदद से दोनों जख्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने रवि कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मृतक युवक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद गांव में भी मातम पसर गया।

घटना की पुष्टि करते हुए इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि सड़क दुघर्टना में जख्मी एक युवक की मौत इलाज के दौरान हो गई। आगे की कार्रवाई के लिए टाउन थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button