करंट के चपेट में आने से बुझ गई घर के इकलौते चिराग की जिंदगी

बीआर दर्शन | बक्सर
करंट के चपेट में आने से शुक्रवार को चक्की थाना क्षेत्र के रंगी डेरा गांव में 16 वर्षीय अंगद यादव की मौत हो गई। घटना के बाद घर में चित्कार मच गया। मृतक किशोर अपने माता-पिता और बहन के साथ खुशियों के बीच जीवन के सपने बुन रहा था। शुक्रवार को मवेशियों को चारा देने के लिए घर के द्वार पर निकला अंगद अचानक करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़ा। कुछ ही देर में परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। घटना के बाद रंगी डेरा गांव में मातम पसर गया।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम करीब चार बजे रामजी यादव का इकलौता पुत्र अंगद घर के बाहर द्वार पर मवेशियों को चारा देने जा रहा था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। अचानक हुई घटना से परिजनों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे तत्काल चक्की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


अंगद की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। बेटे को खोने के गम में माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना सूचना पर चक्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।




