सड़क दुघर्टना में युवक की मौत, हत्या का आरोप लगा परिजनों ने जताया विरोध

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा कोचस मुख्य मार्ग पर करैला डेरा गांव के समीप अनियंत्रित बाइक से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को सदर अस्पताल गेट के सामने रख सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई ।


मृतक युवक के चाचा दीपक कुमार ने बताया कि हर गोविंद राम का पुत्र अभिषेक कुमार के साथ रामपुर स्थित विश्वनाथ फ्यूल सर्विस सेंटर पर काम करता था। वह लगभग आठ वर्षो से यहां नोजल मैन का काम करता था।रविवार को दोपहर लगभग 12:00 बजे तक दोनों साथ काम किए तभी पिपराढ़ गांव निवासी किसी सुधाकर राय नामक व्यक्ति को छोड़ने के लिए यह अपनी बाइक से उनके गांव गया।जहां से छोड़कर वापस लौटने के दौरान जैसे ही इसकी बाइक करैला डेरा गांव के समीप पहुंची तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। गाड़ी पलटते ही यह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।आसपास के लोगों ने इस घटना को देखते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर इसकी सूचना डायल 112 टीम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इसे तत्काल राजपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद इसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने इसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कुछ ही देर बाद पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रख विरोध जताया। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल पर चौकीदार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी पहुंचकर दुर्घटना स्थल से गाड़ी को थाना लाया गया हैं।





