ट्रैक्टर के टक्कर से अज्ञात महिला जख्मी, पुलिस कर रही पहचान की अपील

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 पर चुरामनपुर के समीप ट्रैक्टर के चपेट में आने से एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। महिला को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को भी गोलंबर के समीप पकड़ लिया। पुलिस महिला की पहचान को लेकर प्रयास में जुटी हुई है।



मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह चुरामनपुर के समीप एक महिला सड़क किनारे से जा रही थी। उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने महिला को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला गंभीर रूप से जख्मी हो सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर जबतक लोग मौके पर पहुंचते चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जख्मी महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं सूचना के आधार पर ट्रैक्टर को पकड़ने निकल गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को गोलम्बर के समीप पकड़ लिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला शायद गंगा स्नान के बाद पैदल ही घर जा रही थी। औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि महिला का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। महिला बेहोशी की हालत में है जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। उन्होंने आम लोगों से महिला के पहचान को लेकर अपील किया।



