25 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक गिरफ्तार, कार्रवाई में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर पुलिस ने रविवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर सरेंजा-कोचस मार्ग से कथित एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से करीब 25.36 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ और एक बाइक जब्त की है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के भेलुपुर गांव निवासी कामेश्वर चौधरी के पुत्र ब्रजेश चौधरी के रूप में हुई है। मादक पदार्थ की क़ीमत लाखों में आंकी जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह करीब 07:20 बजे राजपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से सरेंजा से कोचस की तरफ मादक पदार्थ लेकर जा रहा है।


सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम सरेंजा-कोचस मार्ग पर सघन वाहन जांच के दौरान जब बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, तो वह तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने बल प्रयोग कर उसे मौके पर ही रोक लिया और तलाशी ली, जिसमें उसके पास से हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।

पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर हेरोइन जब्त कर ली। पुलिस ने युवक की बाइक भी जब्त कर ली। गिरफ्तारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय , राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, पु०अ०नि० उमेश यादव एवं राजपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।




