जय श्री राम के जयघोष से गूंजा शहर, श्री राम जन्मोत्सव की धूम

बीआर दर्शन | बक्सर
रामनवमी पर्व पर रविवार को जिला राममय दिखा। पूरा शहर के साथ जिला के अन्य क्षेत्र भी भगवा झंडा से पट गया था। प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर भक्तों का उत्साह देखते बन रहा था। शहर के दर्जनों इलाके से शोभा यात्रा निकालने की तैयारी सुबह से शुरू हो गई थी। झांकी निकालने के लिए रथ को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा था। राम भक्त प्रचंड गर्मी का परवाह किए बिना तैयारी में जुटे हुए थे। पूरे दिन मंदिरों में प्रभु श्री राम की पूजा अर्चना की गई। अखंड हरि कीर्तन का आयोजन किया गया था। प्रभु श्री राम की भक्ति में लोग लीन रहे। यमुना चौक स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। आरती के बाद मौजूद श्रद्धालुओं के बीच हलवा का प्रसाद वितरण किया गया।
शाम के करीब चार बजे शहर के बंगाली टोला स्थित श्री राम जानकी मंदिर, प्रधान अखाड़ा, मनोकामना सिद्ध श्री महावीर मंदिर समेत पीपी रोड, ठठेरी बाजार मोड़, सत्यदेवगंज समेत अन्य इलाकों से श्री राम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य और आकर्षक झांकी निकाली गई। शहर का नजारा ऐसा दिखा मानों पूरा का पूरा शहर प्रभु राम की भक्ति में सराबोर हो गया हो। झांकी के साथ सैकड़ों लोग केसरिया और पीले रंग का पगड़ी बांधे और परंपरागत हथियारों के साथ प्रभु श्रीराम के जयघोष करते हुए चल रहे थे। वहीं शहर के सभी मुख्य मार्ग के दोनों तरफ भगवान श्री राम के दर्शन के लिए महिला एवं पुरूष श्रद्धालु कतारबद्ध खड़े थे। वहीं घरों के छतों से भी परिवार के लोग भगवान श्री राम का दर्शन कर रहे थे। शहर के चौक-चौराहों पर समाजिक संस्था की ओर से शर्बत और शीतल जल की व्यवस्था की गई थी। झांकी में शामिल लोगों को संस्था के लोग शर्बत और शीतल पानी पीला रहे थे।
श्री राम जन्मोत्सव के मौके पर विधि व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखा। शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो और विधि व्यवस्था में गड़बड़ी नहीं हो इसके लिए अधिकारी पैनी नजर रख रहे थे। यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती चौक-चौराहों पर की गई थी।