रामपुर मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रमोद चौबे को दी गई विदाई

बीआर दर्शन | बक्सर
केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित मध्य विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार चौबे के स्थानांतरण पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक अखंड प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक बृज बिहारी सिंह ने किया। समारोह की शुरुआत छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर की। इस अवसर पर प्रमोद कुमार चौबे को अंगवस्त्र, डायरी, कलम और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।


उनके नेतृत्व में शैक्षणिक वातावरण मजबूत हुआ और छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिला। बता दें कि प्रमोद कुमार चौबे का स्थानांतरण प्रधान शिक्षक के रूप में प्राथमिक विद्यालय इटाढ़ी में हुआ है। अपने संबोधन में प्रमोद चौबे ने कहा कि शिक्षक बनना आसान है, लेकिन स्वयं को एक सच्चा शिक्षक साबित करना काफी कठिन होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं का उन्हें हमेशा भरपूर सहयोग मिला। रामपुर विद्यालय की यादें उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेंगी। समारोह में संतोष सिंह, मीना कुमारी, नीलम देवी, ममता कुमारी, साजिया चौधरी, हरमेन्द्र सिंह, संतोष कुमार सिंह, राहुल सिंह, संदीप वर्मा, अजय बच्चन समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





