निजी मकान में चल रहा था कथित सेक्स रैकेट, चार पुरुष व दो महिलाएं हिरासत में

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जासो रोड स्थित शिव मंदिर के समीप विष्णुपुरी मोहल्ला वार्ड संख्या-33 में एक निजी मकान में कथित तौर पर संचालित सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान मालिक लक्ष्मण पांडेय को भी हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि घटना की सूचना आरोपी के भाई बंशीधर पांडेय द्वारा पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

छापेमारी अभियान में इटाढ़ी गुमटी आउट पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी, ASI मनोज सिंह,ASI सियाराम महतो एवं महिला सशस्त्र बल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने मौके से चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लेने की बात कही जा रही है।

हालांकि, मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




