CRIME

बैंक से रुपये निकाल लौट रहे शिक्षक को अपराधियों ने बनाया निशाना, ले उड़े एक लाख पांच हजार

 

बीआर दर्शन | बक्सर

बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक शिक्षक को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया। अपराधी उनकी बाइक पर टंगे झोले को लेकर फरार हो गए। झोले में एक लाख पांच हजार रुपये थे। इसके अलावा पर्स में रखे 1500 रुपये भी गायब हो गए। घटना बुधवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर गांव के समीप हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव निवासी रामाशीष ठाकुर मध्य विद्यालय महुआर में शिक्षक हैं। बुधवार को ब्रह्मपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहे थे। प्रतापसागर गांव से करीब सौ से डेढ़ सौ मीटर पश्चिम उन्होंने लघुशंका के लिए बाइक रोकी। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी उनकी बाइक पर टंगे झोले को लेकर फरार हो गए। झोले में एक लाख पांच हजार रुपये के अलावा मोबाइल फोन था। वहीं, पर्स में 1500 रुपये के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन को ट्रेस करना शुरू किया। जांच में मोबाइल की अंतिम लोकेशन हुकहां-लालगंज पथ पर मिली। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें दो बाइक सवार संदिग्ध मोबाइल फोन फेंकते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। नया भोजपुर पुलिस मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button