जमीन विवाद में रणक्षेत्र बना चक्की का चुन्नी डेरा गांव, गोलीबारी में सात जख्मी, हथियार बरामद

बीआर दर्शन | बक्सर
चक्की ओपी क्षेत्र के चुन्नी डेरा गांव में जमीन विवाद को लेकर सोमवार की सुबह दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। लाठी डंडे व भाला से दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमला करने लगे, देखते ही देखते दोनों तरफ से बंदूकें भी तन गई तथा फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग होते ही भगदड़ मच गई। ग्रामीण सूत्रों की मानें तो करीब 20-25 राउंड फायरिंग हुई है। जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग जख्मी हुए है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों के घर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एक घर से तीन हथियार, गोली व खोखा बरामद हुए है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी मौके पर पहुंच घटना की जांच में जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार चुन्नी डेरा के सत्येन्द्र सिंह व सुगन सिंह के परिवार के बीच 25 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार दोनों पक्ष आमने सामने हुए थे। मामला शनिवार को लगने वाले जनता दरबार में भी पहुंचा था। लेकिन विवाद कम नहीं हुआ। सोमवार को एक पक्ष के लोग उक्त जमीन पर जुताई करने पहुंच गए। इस दौरान दूसरा पक्ष वहां जाकर विरोध करने लगा। इसी बात पर पहले लाठी-डंडे तथा बाद में फायरिंग शुरू हो गई।
सदर अस्पताल में चल रहा है एक पक्ष के घायलों का इलाज
मिली जानकारी के अनुसार एक पक्ष के घायल सत्यनारायण सिंह, कमलेश सिंह, अर्जुन सिंह व मुकेश सिंह को चक्की पीएचसी से प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है, सभी को गोली लगी है। किसी के पैर में तो किसी के जांघ में गोली लगने की बात सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने कही है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घायल मुकेश कुमार ने कहा कि उनलोगों ने पहले पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस समय से नहीं पहुंची। वही, दूसरे पक्ष के तीन लोग भी जख्मी हुए है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही मारपीट व फायरिंग की घटना में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजय सिंह ने बताया कि चक्की पीएचसी से रेफर होकर चार जख्मी आए है। सभी को गोली लगी है। उनका बेहतर इलाज किया जा रहा है।
डुमरांव एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी ने कहा कि चक्की चुन्नी डेरा में मारपीट व फायरिंग की घटना जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।