CRIME

कफ सिरप और सिरके की आड़ में छुपा कर लाई जा रही 36 सौ लीटर शराब बरामद, एक गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उत्पाद पुलिस लगातार शराब तस्करों के मंसूबे पर पानी फेर रही है। उत्पाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर दो डीसीएम पकड़ा, जिसमें काफी मात्रा में शराब बरामद किया गया। शराब कफ सिरप और सिरके की पेटियों से छुपाकर लाई जा रही थी। इस दौरान उत्पाद पुलिस ने एक चालक को गिरफ्तार कर लिया वहीं एक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उत्पाद पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि सोमवार की शाम उत्पाद विभाग द्वारा चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संध्या करीब 7 बजे उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में तीन ट्रकों को जांच के लिए रोका गया। आगे खड़े ट्रक की जांच होते देख पीछे खड़े डीसीएम ट्रक का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जब उत्पाद टीम ने डीसीएम की तलाशी ली तो उसमें सिरके की खेप के साथ बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। जांच में कुल 430 पेटी एक्सपायरी सिरका और 396 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 3612 लीटर आंकी गई है। जब्त शराब में 750 मिलीलीटर की आरएस 80 पेटी, 750 मिलीलीटर की आईबी 97 पेटी, 350 मिलीलीटर व 180 मिलीलीटर की आईबी की 50-50 पेटी, ब्लू स्ट्रोक 180 मिलीलीटर की 17 पेटी तथा डिस्काउंट व्हिस्की 180 मिलीलीटर की 102 पेटी शामिल हैं। वहीं मंगलवार को जांच के दौरान एक और डीसीएम को पकड़ा। जिसमें 230 कार्टून कफ सिरप के साथ 126 लीटर शराब बरामद किया गया। उत्पाद पुलिस ने डीसीएम चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार डीसीएम चालक यूपी के बिजनौर जिले नजीमाबाद थाना के बिजनौर गुनियापुर गांव के राधेश्याम का पुत्र सुमित कुमार है। उत्पाद पुलिस ने शराब को जब्त कर दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button