OTHERS

सर्पदंश से एक व्यक्ति की मौत, झाड़-फूंक में उलझे रह गए परिजन

 

बीआर दर्शन | बक्सर

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव में बुधवार को सर्पदंश से विश्वनाथ राजभर के 45 वर्षीय पुत्र कृष्णा राजभर की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कृष्णा राजभर प्रतिदिन की तरह मजदूरी कर घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद वह सोने चला गया। आधी रात के करीब उसे गर्दन के पास कुछ काटने का एहसास हुआ। इसके बाद वह उठकर बैठ गया और कमरे की बत्ती जलाई तो बेड पर सांप दिखाई दिया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन अस्पताल जाने से पहले झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया गया।

परिजन कृष्णा को उत्तर प्रदेश के गहमर स्थित बकस बाबा के पास ले गए। वहां से लौटने के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन कृष्णा को प्रताप सागर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की पुष्टि होने के बाद भी परिजन एक बार फिर झाड़-फूंक के लिए उसे एक-दो स्थानों पर लेकर गए। बुधवार की शाम जब शव लेकर परिजन मोहनपुरवा स्थित अपने घर पहुंचे तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कृष्णा की मौत के बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक कृष्णा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 12 और 8 वर्ष है। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button