Accident

सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी बाइक, दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

 

बीआर दर्शन | बक्सर

चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर अखौरीपुर गोला और कोचाढ़ी के बीच यादव ढाबा के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कोचाढ़ी गांव निवासी नुनु नट के 22 वर्षीय पुत्र योगा उर्फ बबलू नट तथा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सजना-सलारपुर गांव निवासी मुनर नट के 32 वर्षीय पुत्र सुहैल नट के रूप में हुई है। बताया गया कि सुहैल नट रिश्तेदारी में ससुराल आया हुआ था।

परिजनों के मुताबिक दोनों युवक बाइक से अखौरीपुर गोला की ओर जा रहे थे। यादव ढाबा के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा लगी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे जा पहुंचे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस द्वारा दोनों शवों को अस्पताल ले जाने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण चौसा-कोचस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button