श्री आदर्श गौशाला में नई पहल, शरीर के वजन के बराबर गायों के लिए किया तुलादान

बीआर दर्शन | बक्सर
श्री आदर्श गौशाला, बक्सर में गुरुवार को गायों की सेवा और गौ-संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तुलादान की नई पहल की गई। इस दौरान शहर की निर्मला देवी मानसिंहका और भागलपुर की विमला देवी डोकनिया द्वारा अपने शरीर के वजन के बराबर गायों के आहार के लिए सामग्री का तुलादान किया गया।

तुलादान में चोकर, खली, अनाज और गुड़ सहित विभिन्न खाद्य सामग्री का उपयोग किया गया। दान की गई सामग्री को गौशाला में पल रही गायों के आहार के लिए समर्पित किया गया। आयोजन के दौरान गौसेवा और पशु संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई।


आयोजकों के अनुसार, सनातन परंपरा में तुलादान को सेवा, दान और पुण्य से जोड़कर देखा जाता है। गौशाला में किए गए इस तुलादान का उद्देश्य गायों के लिए पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंद और बेसहारा गायों की सेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। तुलादान कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और गौसेवकों ने गौशाला की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा गायों के रखरखाव और भोजन की उपलब्धता को लेकर सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में रोहतास गोयल, अनिल मानसिंहका, रामप्रवेश मिश्रा, अगम पांडेय, ओम मानसिंहका और सत्येंद्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

गौशाला प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की पहल से लोगों को गौसेवा से जोड़ने और गौशाला में रहने वाली गायों के लिए नियमित आहार की व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गौसेवा एवं जीव संरक्षण के लिए निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया।




