मुर्गी फार्म से मिला हथियार और 20 बोतल शराब, धंधेबाज गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के सगरांव गांव से पुलिस ने देसी राइफल, एक गोली और 20 बोतल शराब के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक मुर्गी फार्म के आड़ में अवैध शराब का धंधा कर रहा था।

राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सगरांव गांव में मुर्गी फार्म की आड़ में हथियार और शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया था कि बिक्री के लिए फार्म में देसी राइफल रखी गई है। इसके बाद पुलिस टीम ने गश्ती दल के साथ फार्म पर अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान हथियार और शराब बरामद होने पर संचालक रामेश्वर सिंह को हिरासत में ले लिया गया।


पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि गिरफ्तार रामेश्वर सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। वह शराब तस्करी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फार्म में हथियार और शराब किसके जरिए पहुंचाई जाती थी तथा इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

छापेमारी दल का नेतृत्व अपर अवर निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




