बस के चपेट में आने से सड़क पार कर रहे युवक की मौत, बाल- बाल बचा बालक

बीआर दर्शन | बक्सर
चौसा-कोचस मुख्य पथ पर राजपुर थाना क्षेत्र के गीतानगर बसही के समीप गुरुवार की शाम सड़क हादसे में 45वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बसही गांव निवासी श्रीकवलराम (पिता- मुक्तेश्वर राम) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक बसही गांव के श्रीकवल राम एक छोटे बच्चे के साथ सरदार सिंह अस्पताल के पास स्थित एक नाश्ते की दुकान पर जा रहे थे। सड़क पार करने के दौरान बक्सर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में वह बस के साथ कई मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि उनके साथ मौजूद बच्चा इस हादसे में सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।


घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात शुरू कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।





