युवक पर जानलेवा हमला मामले में बबली दूबे समेत नौ पर नामजद एफआईआर दर्ज

बीआर दर्शन | बक्सर
टाउन थाना क्षेत्र के शिवपुरी बुधनपुरवा निवासी एक युवक ने रंगदारी नहीं देने पर जानलेवा हमला, हवाई फायरिंग व पूरे परिवार की हत्या की धमकी देने का बबली दुबे व अन्य पर आरोप लगाया है। इसे लेकर पीड़ित युवक ने टाउन थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है।

युवक द्वारा दर्ज कराए गए एफआईआर के मुताबिक 05 जुलाई की रात वह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बबली दुबे समेत अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी आरोपितों ने रायफल के बट से उसपर हमला कर जख्मी कर दिया।


आरोप है कि उसे जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके हाथ, पसली और पैर में गंभीर चोटें आईं तथा वह बेहोश हो गया। आवेदन के अनुसार, घटना के दौरान आरोपितों ने हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उसके पिता और भाई से 01 लाख रुपये प्रतिमाह रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने अथवा पुलिस में मामले की शिकायत करने पर पूरे परिवार की हत्या कर देने की धमकी दी गई। पीड़ित ने बबली दुबे, हनुमन दुबे, रोहित दुबे, प्रकाश दुबे, मनमोहन चौबे, विकास चौबे, विवेक मिश्र, ओम मिश्र व शिंकु कुमार सहित नौ लोगों को आरोपित किया है। हमले में गंभीर रूप से जख्मी युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इधर नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।





