एनएच 922 पर आमने-सामने ट्रेलर के टक्कर में चालक की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
एनएच 922 पर बुधवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद एनएच 922 पर जाम लग गया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर के समीप दो ट्रेलरों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भयावह थी कि चालक ट्रेलर की केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसका शव पूरी तरह दबकर क्षत-विक्षत हो गया।

बताया जा रहा है कि घटना बुधवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच की है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे ट्रकों की लंबी कतार लग गई। हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी लेन से अन्य वाहनों का परिचालन शुरू कराया, जिससे यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।


सूचना मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके अलावा यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम, फायर ब्रिगेड तथा फोरलेन निर्माण कंपनी की एंबुलेंस और राहत-बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गया। करीब चार घंटे तक लगातार चले राहत अभियान के दौरान दो क्रेन और एक बुलडोजर की मदद से आपस में बुरी तरह फंसे दोनों ट्रेलरों को अलग किया गया। इसके बाद केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि मृत चालक की पहचान भरत यादव (47 वर्ष), पिता खरपतु यादव, ग्राम उमरऋषि, पोस्ट डोमाडीह, थाना गंभीरपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस घटना को लेकर सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।





